गंगा स्वच्छता अभियान: मुक्तेश्वर धाम घाट पर श्रमदान, ‘निर्मल–अविरल गंगा’ का लिया संकल्प
प्रातः 6:30 बजे प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने श्रमदान कर गंगा तट की सफाई की और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा घाटों की सफाई के साथ-साथ जलीय जीवों के संरक्षण तथा जल प्रदूषण के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने गंगा किनारे से कचरा और प्लास्टिक हटाते हुए लोगों से अपील की कि वे गंगा में कचरा, प्लास्टिक और पूजन सामग्री न डालें। जल संरक्षण को जीवन का आधार बताते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में प्रिया कुमारी, नीती कुमारी, अंकिता दास, रोश परवीन, नेहा कुमारी, आशिया परवीन, मधु कुमारी, रजनी कुमारी, इशा कुमारी, बबली कुमारी, चांदनी कुमारी, घंटी कुमारी, निशा कुमारी, सचिन कुमार, जय कुमार एवं आदेश कुमार सहित कई प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी रही।
अंत में सभी ने सामूहिक संकल्प लिया कि गंगा की स्वच्छता और संरक्षण के लिए यह अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा। यह पहल समाज में स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।